रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से नवजात शिशु को गायब किए जाने का आरोप लगाते हुए पीड़िता के परिजनों ने पुलिस में तहरीर दी है। मामले को लेकर परिजन और पुलिस के दावे आमने-सामने हैं।


मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पिता ने पवई थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शमशल्लीपुर निवासी शनि नामक युवक ने उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर उससे अवैध संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। 15 दिसंबर को गांव की आशा कार्यकर्ता एंबुलेंस से पीड़िता को लेकर पवई सीएचसी पहुंची, जहां उसने एक बेटे को जन्म दिया।

आरोप है कि इसके बाद सीएचसी से आशा कार्यकर्ता ने नवजात शिशु को गायब कर दिया। वहीं, बच्चे का कथित पिता शनि भी घटना के बाद से गायब है और उसका मोबाइल फोन बंद चल रहा है।

मामले में क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह ने आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि नवजात शिशु के गायब होने की बात झूठी है और बच्चा पीड़िता के पास ही है। साथ ही आरोपी युवक शनि के खिलाफ शादी का झांसा देकर अवैध संबंध बनाने के आरोप में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।