आजमगढ़। ठंड और शीतलहर के बीच जिलाधिकारी के रात्रिकालीन निरीक्षण के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। डीएम के सड़कों पर उतरकर हालात परखने के बाद जनपद की विभिन्न तहसीलों में अधिकारियों ने भी रात में मोर्चा संभाल लिया। अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार व नायब तहसीलदारों ने देर रात तक रैन बसेरों, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, अलाव स्थलों और गौशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया।
इसी क्रम में रात को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह एवं प्रभारी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका आजमगढ़ प्रियंका सिंह ने कलेक्ट्रेट चौराहा स्थित नगर पालिका द्वारा संचालित रैन बसेरे का निरीक्षण किया और वहां ठहरे निराश्रितों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्रभारी ईओ नगर पालिका द्वारा बड़ादेव स्थित जिला महिला अस्पताल परिसर के रैन बसेरे का भी निरीक्षण किया गया, जहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं।
उप जिलाधिकारी सदर ने कलेक्ट्रेट चौराहा स्थित रैन बसेरे एवं रोडवेज परिसर का निरीक्षण किया। वहीं उप जिलाधिकारी सगड़ी द्वारा अजमतगढ़ रैन बसेरे का निरीक्षण किया गया, जहां दो निराश्रित ठहरे पाए गए। मौके पर रजाई-गद्दा, ताजा पेयजल और हीटर की व्यवस्था सुनिश्चित मिली।
उप जिलाधिकारी मार्टिनगंज ने नगर पंचायत मार्टिनगंज के रैन बसेरे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मार्टिनगंज बाजार एवं बेलवाना क्षेत्र में अलाव जलते हुए पाए गए। उप जिलाधिकारी मेहनगर ने नगर पंचायत मेहनगर की गौशाला का निरीक्षण किया तथा मेहनगर पुलिस बूथ पर जल रहे अलाव की जांच की। इसके साथ ही बस स्टैंड मेहनगर पर जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए, जहां अलाव की भी व्यवस्था पाई गई।
उप जिलाधिकारी फूलपुर ने नगर पंचायत फूलपुर के रैन बसेरे का निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं। उप जिलाधिकारी बुढ़नपुर द्वारा 100 शैय्या अस्पताल अतरौलिया में अलाव की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया, साथ ही बुढ़नपुर रैन बसेरे में सभी सुविधाएं दुरुस्त पाई गईं।
उप जिलाधिकारी निजामाबाद ने नगर पंचायत सरायमीर स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण करने के साथ ही रेलवे स्टेशन एवं कस्बे में जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। वहीं उप जिलाधिकारी लालगंज ने लालगंज रैन बसेरे का निरीक्षण किया, जहां रजाई-गद्दा, ताजा पानी और अलाव की समुचित व्यवस्था पाई गई।
