आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों की विषम सेमेस्टर व्यावसायिक पाठ्यक्रम की परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि 21 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। परीक्षा 2 जनवरी 2026 से शुरू होकर 17 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश सिंह ने बताया कि कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार की अध्यक्षता में हुई परीक्षा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। विषम सेमेस्टर व्यावसायिक पाठ्यक्रम की परीक्षा फॉर्म भरण की तिथि 21 दिसंबर 2025 से लेकर 25 दिसंबर 2025 तक रखी गई है।


इस परीक्षा में मुख्य रूप से बी.एड., एम.एड., बी.पी.एड., एल.एल.बी., एल.एल.एम., बी.एस.सी.एजी, एम.एस.सी. एजी कृषि, और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत संचालित बीसीए एवं बीबीए के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। सभी छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर निर्धारित अवधि के भीतर अपना ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक  आनंद कुमार ने बताया कि विषम सेमेस्टर के प्रथम वर्ष और प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं का परीक्षा फॉर्म समर्थ पोर्टल के माध्यम से भरा जाएगा। इस तिथि की घोषणा यथाशीघ्र की जाएगी।


कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार के दिशा-निर्देश के क्रम में सभी विषम सेमेस्टर की व्यावसायिक परीक्षाओं की तिथि 2 जनवरी 2026 से 17 जनवरी 2026 तक घोषित की गई है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध है और किसी विशेष समस्या की स्थिति में छात्र परीक्षा विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार जारी रहेगा। यह कार्यक्रम विशेष रूप से विषम सेमेस्टर व्यावसायिक पाठ्यक्रम के छात्रों के लिए निर्धारित किया गया है।