आजमगढ़। जिले में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शीतलहर और सर्द हवाओं के चलते गलन भरी ठंड का असर साफ दिख रहा है।
तापमान में लगातार गिरावट से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों तक अभी और ठंड बढ़ने की आशंका जताई है।

जिले में शीतलहर के साथ चल रही सर्द हवाओं ने गलन को और बढ़ा दिया है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। न्यूनतम के साथ ही अधिकतम तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को आसमान में बादलों की मौजूदगी और धुंध के कारण लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ा। इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी ठंड से बेहाल नजर आए।


मौसम विभाग के अनुसार तापमान में अभी और गिरावट होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान गिरकर नौ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे गलन भरी ठंड ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। वहीं अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है।


बीते एक सप्ताह से जिले में बादलों की आवाजाही बनी हुई थी, लेकिन बादलों के छंटते ही शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया। लगातार चल रही सर्द हवा के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते चार दिनों से दोपहर बाद निकलने वाली धूप भी सर्द हवाओं के आगे बेअसर साबित हो रही है। शनिवार की देर शाम से एक बार फिर आसमान में बादल छाए रहे।