आजमगढ़। कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा का प्रतीक एक युवा आरक्षी असमय दुनिया से विदा हो गया। यातायात पुलिस में तैनात आरक्षी की आकस्मिक मौत से न सिर्फ पुलिस महकमा बल्कि पूरा जनपद शोकाकुल है। पुलिस लाइन में गमगीन माहौल के बीच वरिष्ठ अधिकारियों और परिजनों ने नम आंखों से दिवंगत आरक्षी को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
यातायात पुलिस, जनपद आजमगढ़ में नियुक्त आरक्षी रंजीत कुमार मौर्य (25), पुत्र स्वर्गीय सुदामा मौर्य, निवासी ग्राम जाम, थाना रसड़ा, जनपद बलिया की आकस्मिक मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा पुलिस लाइन आजमगढ़ में मृतक आरक्षी को उनके परिजनों की उपस्थिति में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी नम आंखों से श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। विभागीय माहौल पूरी तरह शोकमग्न नजर आया।
गौरतलब है कि रविवार रात ठंड से बचने के लिए आरक्षी रंजीत मौर्य अपने किराए के कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए थे। अंगीठी बिस्तर के पास रखी होने और कमरा पूरी तरह बंद रहने के कारण दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही फील्ड यूनिट, पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। थाना रसड़ा के माध्यम से मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
