रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़।  जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जैगहां-बिंदवल मार्ग पर गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार जैगहां गांव निवासी संजय कुमार सरोज (28) पुत्र चंद्रबली सरोज किसी काम से बिंदवल गया था और गुरुवार की रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में संजय को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।