आज़मगढ़। जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के भरौली गांव में शनिवार की भोर एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि पति से मोबाइल पर कहासुनी के बाद महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, भरौली गांव निवासी अंजलि चौहान (25) की शादी 27 जनवरी 2022 को मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के भीरा बुधनारी गांव निवासी अखिलेश चौहान से हुई थी। परिजनों के मुताबिक शुरुआती दिनों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया।


बताया जा रहा है कि अंजलि का पति अखिलेश कुछ दिन पहले रोज़गार के सिलसिले में गुजरात गया हुआ था। शुक्रवार की रात पति-पत्नी के बीच मोबाइल फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद अंजलि अपने ढाई साल की बेटी आयुषी और एक साल के बेटे आयुष के साथ कमरे में सोने चली गई।


शनिवार तड़के करीब चार बजे अंजलि ने कमरे में लगे पंखे के हुक में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह बच्चों के रोने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष भी कोतवाली पहुंचा।


मृतका के पिता गोधन चौहान ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष दहेज के लिए अंजलि को लगातार प्रताड़ित करता था। तहरीर में पति अखिलेश, सास सुमित्रा, ससुर राम अवतार, जेठ राजेश और जेठानी बिंदु पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।