आज़मगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के मेस में छात्रों को परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्रों में भारी रोष देखा गया। छात्रों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर आज जिलाधिकारी।से मिले और राज्यपाल को नामित ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुचे छात्रों का आरोप है कि बीते शनिवार तीन जनवरी को महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आज़मगढ़ के मेस में छात्रों को परोसे गए भोजन में कीड़ा पाया गया। भोजन में कीड़ा मिलने के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया। कई छात्रों ने स्वास्थ्य बिगड़ने की आशंका जताते हुए भोजन करने से इनकार कर दिया, जिससे उनकी दिनचर्या और पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ा।
छात्रों का कहना है कि यह घटना मेस प्रबंधन की घोर लापरवाही और खाद्य सुरक्षा मानकों के खुले उल्लंघन को दर्शाती है। छात्रों ने इस संबंध में माननीय राज्यपाल महोदया, उत्तर प्रदेश को जिलाधिकारी आज़मगढ़ के माध्यम से ज्ञापन भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में छात्रों ने दोषी मेस ठेकेदार एवं प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई, मेस की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और नियमित निरीक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
छात्रों एवं छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
