आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वनिधि से समृद्धि योजना, डिजिटल लेनदेन, मतदाता पुनरीक्षण, रैन बसेरा व्यवस्था और गौशालाओं की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। लक्ष्य पूरा न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत द्वितीय लोन वितरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नगर पंचायत मार्टिनगंज, जहानागंज व नगर पालिका बिलरियागंज में अगले माह तक कम से कम 80 प्रतिशत तथा नगर पालिका मुबारकपुर में 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जाए। तय समय में लक्ष्य पूरा न होने पर संबंधित अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
स्ट्रीट वेंडरों को डिजिटल लेनदेन से जोड़ने पर जोर देते हुए नगर पालिका बिलरियागंज, मुबारकपुर, नगर पंचायत जहानागंज, मार्टिनगंज और बुढ़नपुर को अगले माह तक कम से कम 80 प्रतिशत डिजिटल लेनदेन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। स्वनिधि से समृद्धि योजना के अंतर्गत नगर पंचायत कटघर लालगंज को अधिक से अधिक लाभार्थियों को जोड़ने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा में जिलाधिकारी ने कहा कि जिन लाभार्थियों को पूरी धनराशि मिल चुकी है, उनके आवास तत्काल पूर्ण कराए जाएं। लापरवाही करने वाले लाभार्थियों से वसूली की कार्रवाई की जाए।
मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर सभासदों के माध्यम से छूटे मतदाताओं के फॉर्म 6, 7 व 8 भरवाने के निर्देश दिए गए। कड़ाके की ठंड को देखते हुए रात्रि में बाहर मिलने वाले व्यक्तियों को रैन बसेरे में शरण देने व सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।
गौशालाओं की समीक्षा में जिलाधिकारी ने गोवंश को ठंड से बचाने के लिए तिरपाल से ढकने, 24 घंटे केयरटेकर तैनात रखने, ईयर टैगिंग, अलग-अलग श्रेणी में गोवंश रखने और मृत्यु की स्थिति में नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए। लापरवाही पर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, एएसआरएमओ, समस्त अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
