आजमगढ़। उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर हरिऔध कला केंद्र आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश, सर्वोत्तम प्रदेश, विकसित और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है। इस दौरान लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।

उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल, लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहभाग किया। इस अवसर पर एक जनपद एक उत्पाद की तर्ज पर एक जनपद एक व्यंजन योजना का शुभारंभ किया गया।
उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आजमगढ़ स्थित हरिऔध कला केंद्र में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव की उपस्थिति में किया गया। इससे पूर्व राज्यमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जनपद आजमगढ़ पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।


अपने संबोधन में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश को 24 जनवरी 1950 को राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य के साथ कदम मिलाते हुए उत्तर प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
राज्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से 2026 तक प्रदेश सरकार द्वारा लगभग 9 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी गई है। इसके अलावा निजी क्षेत्र और स्वरोजगार के माध्यम से 2 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है, जबकि संविदा क्षेत्र में 3.75 लाख लोगों को रोजगार प्रदान किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों को पक्के मकान, आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त इलाज, जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल से जल तथा 24 घंटे बिजली की सुविधा उपलब्ध करा रही है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन खेल के बाद अब सरकार वन डिस्ट्रिक्ट वन व्यंजन योजना लागू कर रही है, जिससे जनपदों को नई पहचान और ताकत मिलेगी।
राज्यमंत्री ने प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के विकास की सराहना करते हुए कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, विंध्यवासिनी कॉरिडोर, नैमिषारण्य, शाकुंभरी देवी सहित अन्य धार्मिक स्थलों का विकास ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जब देश विकसित होगा, तो सबसे पहले उत्तर प्रदेश विकसित होगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा, यूपी नेडा, पशुपालन, उद्योग, शिक्षा, महिला कल्याण, आईसीडीएस, कृषि विभाग एवं सूचना विभाग के स्टालों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर धात्री महिलाओं की गोद भराई और नवशिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया गया।
राज्यमंत्री द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों, रक्तदाताओं, खिलाड़ियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं कलाकारों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में हरिहरपुर के कलाकारों द्वारा स्वागत गीत तथा तपस्या क्रिएटिव स्कूल द्वारा सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी गम्भीर सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।