आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ के प्रशासनिक भवन के पुस्तकालय कक्ष में आज प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा तथा कुलपति प्रो. संजीव कुमार के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश दिवस का भव्य आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पधारे सिद्धार्थनगर के पूर्व कुलपति एवं विश्वविद्यालय के लोकपाल प्रो. रजनीकांत पांडेय ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार, परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार और सहायक कुलसचिव डॉ. महेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और ज्ञान की देवी मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके की।


विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि परिसर में प्राध्यापक-प्राध्यापिकाएं और छात्र-छात्राएं उत्तर प्रदेश के पारंपरिक परिधानों—कुर्ता-पायजामा, साड़ी और रंग-बिरंगे वस्त्रों—में सभी का ध्यान आकर्षित कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा पोस्टर अवलोकन से हुई। छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय का कुलगीत प्रस्तुत किया, जबकि कार्यक्रम की संयोजक डॉ. वैशाली सिंह ने स्वागत भाषण देकर अतिथियों का अभिनंदन किया। कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ और विश्वविद्यालय का प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। राजनीतिक विज्ञान विभाग के प्राध्यापकों ने भी मुख्य अतिथि का सम्मान किया।


कार्यक्रम की शुरुआत छात्र कामेश्वर गिरी द्वारा काव्य पाठ से हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश की विविधता और उपलब्धियों का वर्णन किया गया। इसके साथ ही प्रदेश की डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की गई, जिसमें छह केंद्रीय विश्वविद्यालय और तीन दर्जन राज्य विश्वविद्यालयों की स्थापना, प्रदेश के आर्थिक विकास, एक जिला-एक उत्पाद योजना, बेहतर कानून व्यवस्था और विश्व प्रसिद्ध कुंभ मेले का आयोजन दर्शाया गया। छात्र-छात्राओं ने लोकगीत सोहर प्रस्तुत कर वातावरण को और जीवंत बनाया।


मुख्य अतिथि प्रो. रजनीकांत पांडेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि परिसर में सकारात्मक ऊर्जा महसूस हुई, जो विश्वविद्यालय के नेतृत्व और सहयोगी परिवार का परिणाम है। उन्होंने प्रदेश की प्रगति, कानून व्यवस्था, भारी निवेश और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में 80% गोल्ड मेडल छात्राएं ले रही हैं, जो प्रेरणादायक होने के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों की चेतावनी भी है। प्रो. रजनीकांत पांडे ने कुलपति प्रो. संजीव कुमार के नेतृत्व की प्रशंसा की और प्राध्यापकों से सहयोग का आह्वान किया।
अंत में मुख्य अतिथि और विश्वविद्यालय प्रशासन ने पोस्टर प्रतियोगिता में शिवांगी, आशुतोष, युग सोनी, श्वेता, अदिति और मनसा को सम्मानित किया।

कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र ने आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को बधाई और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निधि और डॉ. वैशाली ने समेकित रूप से किया।