आजमगढ़। जिले के जीयनपुर कस्बे में शनिवार सुबह एक अस्पताल के पास लावारिस हालत में टेंपो मिलने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार को मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा गांव के पास टेंपो चालक का शव बरामद हुआ था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार अतरौलिया थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव निवासी सुबोध सिंह टेंपो चालक था। वह बुधवार को घर से टेंपो लेकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद सुबोध की पत्नी ने अतरौलिया थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
शुक्रवार को मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा गांव के पास उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार की सुबह जीयनपुर कस्बे में एक अस्पताल के पास मृतक का टेंपो लावारिस हालत में मिला।
सूचना पर एएसपी ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल वर्मा तथा जीयनपुर कोतवाल राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
