आजमगढ़। पुलिस लाइन परिसर में रविवार को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक भव्य परेड का आयोजन किया गया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि मंत्री दारा सिंह ने तिरंगा फहराकर परेड का मान-प्रणाम स्वीकार किया और कार्यक्रम का शुभारंभ किया।


इस दौरान 570 अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। पूरा पुलिस लाइन परिसर में तिरंगे झंडे से पटा हुआ था। कारागार मंत्री ने परेड की सलामी ली। इस दौरान एक साथ उठते जवानों के पैर केंद्र रहे। इसके बाद हुई गन सेल्यूट ने लोगों का मन मोह लिया।


जिला कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने लोगों को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा देश के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। साथ ही देश सेवा में बलिदान हुए जवानों को याद करते हुए युवाओं से देश के विकास में सहयोग देने की अपील की।


परेड में कुल 09 टोलियों ने सहभागिता की, जिसका नेतृत्व प्रथम परेड कमाण्डर प्रेमसुख दरिया (प्रशिक्षणाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक), द्वितीय परेड कमाण्डर निरीक्षक शशीचन्द्र चौधरी तथा तृतीय परेड कमाण्डर एसआईएपी अभिषेक कुमार सिंह द्वारा किया गया। परेड में पुलिस कांस्टेबल, नागरिक पुलिस, सीईआर, एईआर, महिला पुलिस, पीएसी, होमगार्ड्स, सीटीएस सहित पुलिस विभाग के विभिन्न दस्तों ने अनुशासन और समर्पण के साथ मार्च पास्ट किया।


इसके अतिरिक्त वायरलेस, फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड, मोटर साइकिल स्क्वायड, डायल-112 स्कॉर्पियो, ईगल मोबाइल, एंटी रोमियो स्क्वायड, सर्विलांस टीम, क्यूआरटी/स्वाट टीम (वज्र), कैमो फ्लाइज वाहन (आधुनिक दस्ता) एवं फायर सर्विस द्वारा आधुनिक पुलिसिंग की प्रभावशाली झलक प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर दर्शक खासे प्रभावित नजर आए।

मुख्य अतिथि मंत्री दारा सिंह चौहान ने सभी पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा देते हुए गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मंडलायुक्त आजमगढ़ विवेक, पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार द्वितीय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार सहित जनपद के अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अतिथि का स्वागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन एवं अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा किया गया।

समारोह के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन (Commendation Disc-Silver), आरक्षी विक्रम सिंह एवं आरक्षी राहुल सिंह को उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा एवं शौर्यपूर्ण सेवाओं के लिए डीजीपी प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कुल 570 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस के सहयोगी आम नागरिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।