आजमगढ़। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नीतिका राजन को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का नया सचिव नियुक्त किया गया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा बीते सप्ताह जारी आदेश के तहत कई न्यायिक अधिकारियों के क्षेत्राधिकार में परिवर्तन किया गया, जिसके क्रम में यह नियुक्ति हुई।
अब तक यह दायित्व संभाल रहे अंकित वर्मा को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-11 बनाया गया है। वहीं फास्ट ट्रैक कोर्ट सिविल जज सीनियर डिवीजन के रूप में अतुल पाल को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-12 की जिम्मेदारी दी गई है।
मुंसिफ शहर मीनल वर्मा को प्रोन्नत कर फास्ट ट्रैक कोर्ट सिविल जज सीनियर डिवीजन बनाया गया है। मुंसिफ हवाली फराज हुसैन को न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-22 आशुतोष मणि को मुंसिफ हवाली, जबकि न्यायिक मजिस्ट्रेट अंकिता गोंड को फास्ट ट्रैक कोर्ट जूडिशियल मजिस्ट्रेट महिला नियुक्त किया गया है। फास्ट ट्रैक कोर्ट जूडिशियल मजिस्ट्रेट महिला के पीठासीन अधिकारी सौरभ कुमार को सिविल जज जूडिशियल कोर्ट संख्या-15 बनाया गया है।
मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नीतिका राजन ने आगामी 22 फरवरी को शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु आयोजित होने वाले मेगा कैंप की तैयारियों को लेकर कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
