आजमगढ़। जिले के सगड़ी तहसील क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां प्रसव के बाद एक महिला की हालत बिगड़ने पर इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने निजी अस्पताल के चिकित्सक पर ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाया है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार रौनापार थाना क्षेत्र के जमीन बेलकुंडा गांव निवासी मिंदू (26) पत्नी रामभजन को प्रसव पीड़ा होने पर 25 जनवरी को परिजन जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट स्थित मां शारदा अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए मिंदू ने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद मां-बेटी दोनों का इलाज वहीं चल रहा था।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सक द्वारा नस काट दिए जाने से मिंदू की हालत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति में उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना परिजन लेकर पहले रौनापार थाने पहुंचे, लेकिन क्षेत्र जीयनपुर कोतवाली का होने के कारण उन्हें वहां भेज दिया गया। जीयनपुर कोतवाली पहुंचकर परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया।
पुलिस द्वारा संपर्क करने पर चिकित्सक का मोबाइल बंद मिला, जबकि अस्पताल भी बंद पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लाटघाट स्थित मां शारदा अस्पताल को सील कर दिया है।
जीयनपुर कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
