आजमगढ़। जिले के रंगमंच एवं ललित कलाओं से जुड़े कलाकारों ने झारखंड के गिरिडीह में आयोजित अखिल भारतीय नाटक व नृत्य प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार जीतकर लौटे कलाकारों का आजमगढ़ में गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

रंगमंच एवं ललित कलाओं के लिए समर्पित हुनर सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थान आजमगढ़ का 15 सदस्यीय दल 29 जनवरी से 1 फरवरी तक गिरिडीह (झारखंड) में कला संगम द्वारा आयोजित अखिल भारतीय नाटक व लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में शामिल हुआ था, जहां देशभर से 25 नृत्य दलों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में आजमगढ़ के कलाकारों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समूह लोक नृत्य में द्वितीय, समूह शास्त्रीय नृत्य में द्वितीय, रंग यात्रा में द्वितीय तथा कैम्पफायर श्रेणी में भी द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं व्यक्तिगत श्रेणी में शशांक राय को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही संस्थान के सचिव सुनील दत्त विश्वकर्मा को अभिनय व निर्देशन के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए रंग साधक दिगंबर प्रसाद जैन स्मृति रंग सम्मान 2026 से नवाजा गया। नृत्यों का संयोजन कमलेश सोनकर ने किया।
दल में राज पासवान, रवि गौड़, रोशनी चौहान, सुहानी, तारा, प्रियम, निशा चौहान, रूपाली, रुनझुन और खुशबू गोंड सहित कुल 15 कलाकार शामिल रहे।

दल की इस उपलब्धि पर आजमगढ़ लौटने के बाद डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी, रमाकांत वर्मा, संस्थान अध्यक्ष मनोज यादव, हेमंत श्रीवास्तव, अजेंद्र राय, सुनील अग्रवाल, प्रमोद कुमार सिंह, पंकज सिंह और गजराज प्रसाद सहित अन्य लोगों ने कलाकारों को बधाई दी।