आजमगढ़। जिले में पुस्तक मेला आयोजन के दौरान बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बाल विवाह मुक्त भारत की थीम पर हरिऔध कला केंद्र में जनजागरूकता अभियान/मेगा इवेंट का आयोजन किया गया, जिसमें बाल विवाह और बाल अपराध जैसे गंभीर मुद्दों पर छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
आजमगढ़ पुस्तक मेला के अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, आजमगढ़ की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत बाल विवाह मुक्त भारत थीम पर हरिऔध कला केंद्र में जनजागरूकता अभियान/मेगा इवेंट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती वंदना सिंह रहीं।
इस दौरान विभाग की ओर से बाल विवाह और बाल अपराध जैसे सामाजिक मुद्दों पर स्कूल की छात्राओं ने गायन एवं नाट्य प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
विभिन्न विद्यालयों से आई छात्राओं ने स्वागत गीत, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक गायन प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। इस मौके पर मुख्य अतिथि श्रीमती वंदना सिंह, मुख्य कोषाधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, नोडल मेडिकल ऑफिसर श्रीमती रश्मि सिन्हा तथा महिला पुलिस उपनिरीक्षक श्रीमती अंकिता शुक्ला द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई और हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत हस्ताक्षर भी किए गए।
कार्यक्रम के अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय की ओर से सभी अतिथियों को बुके, पुस्तक, मोमेंटो एवं बाल विवाह मुक्त भारत शपथ-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न विद्यालयों से आई प्रतिभागी बालिकाओं को अभियान से संबंधित टोपी और प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
