आजमगढ़। मा० उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं मा० जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आजमगढ़ के निर्देश पर 22 फरवरी को प्रस्तावित जनपद स्तरीय वृहद/मेगा शिविर को लेकर तहसील सदर सभागार में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिका राजन ने की।
सचिव ने बताया कि 22 फरवरी को आयोजित होने वाले मेगा शिविर में निर्बल वर्ग, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांग, वृद्धजन, निर्धन वर्ग, असंगठित श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के पात्र लाभार्थियों को विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। इसके पूर्व तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर लघु शिविरों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों का चयन किया जा रहा है।
इस दौरान महिलाओं को “बाल विवाह मुक्त भारत” की शपथ दिलाई गई तथा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों व आशा बहुओं को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही मेगा कैंप के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।
तहसीलदार सदर श्री विवेकानन्द ने संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों के चयन व तैयारियों के निर्देश दिए। पैनल अधिवक्ता प्रदीप कुमार सिंह ने निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी।
