आजमगढ़। साइबर थाना पुलिस ने NEXT TRADE नामक फर्जी ट्रेडिंग ऐप से की जा रही करोड़ों की ऑनलाइन ठगी का भंडाफोड़ करते हुए उज्जैन–इंदौर से जुड़े दो अंतर्राज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जांच में करीब ₹1 करोड़ की ठगी और बैंक कर्मियों की संलिप्तता सामने आई है।
पीड़ित अशोक कुमार अग्रवाल निवासी बदरका, कोतवाली आजमगढ़ ने बताया कि फेसबुक विज्ञापन देखकर उन्होंने NEXT TRADE ऐप डाउनलोड किया और ₹8.99 लाख निवेश किए। शुरुआत में मुनाफा दिखाया गया, लेकिन निकासी के प्रयास पर आईडी ब्लॉक कर दी गई।
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने तीन फरवरी को इन्द्रजीत डे निवासी ईस्ट दिल्ली, वर्तमान पता उज्जैन तथा अंकेश धाकड़ निवासी शिवपुरी, वर्तमान पता इंदौर के रूप में हुई है। अंकेश धाकड़ कोटक महिंद्रा बैंक इंदौर में कार्यरत था, को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने तीन मोबाइल, तीन एटीएम कार्ड, दो चेक बुक, बैंक आईडी, जियो सिम और ₹870 नकद बरामद हुए हैं।
नोडल अधिकारी साइबर क्राइम विवेक त्रिपाठी ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह म्यूल खातों के जरिए पैसा ट्रांसफर कराता था। जांच में गोपाल भदौरिया (कोटक बैंक कर्मी), माधव, रॉकी और प्रीतम (यस बैंक कर्मी) फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। ये सभी ब्लैंक चेक उपलब्ध कराते थे। फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें और किसी भी संदिग्ध लिंक से बचें।
