आजमगढ़। गुमशुदा मोबाइल फोन को लेकर आम नागरिकों की परेशानी को आजमगढ़ पुलिस ने बड़े पैमाने पर राहत में बदल दिया है। जनपद में चलाए जा रहे विशेष मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत माह जनवरी 2026 में पुलिस ने 197 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है, बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा है।
जिले में नागरिकों के गुमशुदा एवं खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत मोबाइल गुम होने पर पीड़ितों द्वारा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जाती है, जिसके आधार पर मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से ट्रैक कर बरामद किया जाता है।
जनपद आजमगढ़ में यह अभियान फरवरी 2024 से निरंतर संचालित है। पुलिस आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में आजमगढ़ पुलिस द्वारा 1553 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए। वहीं, फरवरी 2024 से अब तक बीते 24 महीनों में कुल 3001 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 7.5 करोड़ रुपये है, सफलतापूर्वक बरामद कर नागरिकों को लौटाए जा चुके हैं।
इसी क्रम में पुलिस द्वारा माह जनवरी 2026 के दौरान कुल 197 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन द्वारा पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। मोबाइल फोन पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी साफ देखी गई।
आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे मोबाइल की बरामदगी की प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाया जा सके।
