आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में माह जनवरी 2026 के राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व वसूली, जीएसटी संग्रह, न्यायालय आदेशों के अनुपालन और लंबित वादों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने तहसीलों में विशेष अभियान चलाकर राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा पारित आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए। जीएसटी जमा नहीं करने वाले उद्यमियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने जीएसटी विभाग को संबंधित तहसीलों के तहसीलदारों से समन्वय स्थापित कर राजस्व वृद्धि सुनिश्चित करने को कहा।
राजस्व वादों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने धारा 24, 116 और 38 के लंबित वादों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारित करने का निर्देश समस्त एसडीएम एवं तहसीलदारों को दिया। धारा 116 के मामलों में सबसे कम प्रगति पाए जाने पर एसडीएम मेंहनगर का वेतन रोकने के निर्देश अपर जिलाधिकारी प्रशासन को दिए गए। वहीं धारा 34 के निस्तारण में नायब तहसीलदार अजमतगढ़, महराजगंज और हरैया की प्रगति कम पाए जाने पर चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए।


जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि उप जिलाधिकारी लेखपाल के साथ मौके पर जाकर पारदर्शी तरीके से धारा 116 के प्रकरणों का निस्तारण करें। पुराने लंबित वादों के लिए ग्रामवार सूची बनाकर संबंधित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को मौके पर भेजकर मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।


बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गम्भीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा सहित समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।