आजमगढ़। शासन की ओर से मंदुरी एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की कवायद काफी दिनों से चल रही है। पहले हुए सर्वे में 1000 से अधिक घर अधिग्रहण की जद में आने वाले थे, जिससे ग्रामीणों और किसानों में विरोध शुरू हो गया था। इसके बाद शासन ने प्रक्रिया रोक दी थी। अब दोबारा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और नए सर्वे में केवल 160 घर ही अधिग्रहण की जद में आएंगे।

मिली जानकारी के अनुसार, मंदुरी एयरपोर्ट का विस्तार कर इसे अंतरराष्ट्रीय बनाने की प्रक्रिया 2022 में शुरू हुई थी। पहले सर्वे में 1000 से अधिक घर प्रभावित होने की खबर पर खिरिया बाग में किसानों ने धरना दिया। किसान नेता राजीव यादव और संदीप पांडेय सहित ग्रामीण इस लड़ाई में शामिल हुए।

सरकार ने ज्यादा से ज्यादा गांवों को बचाने के लिए नया सर्वे कराने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने नया सर्वे करते हुए फोरलेन और बचने योग्य गांवों को सुरक्षित रखा। इस सर्वे के आधार पर सिर्फ 160 घर अधिग्रहण की जद में आए। रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है और अब एयरपोर्ट अथॉर्टी ऑफ इंडिया की तकनीकी टीम जल्द जनपद में सर्वे करेगी।

17 माह संचालन के बाद बंद हुई फ्लाइट
मंदुरी एयरपोर्ट से उड़ानें रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत 11 मार्च 2024 को शुरू हुई थीं। फ्लाइविग कंपनी के 19 शीटर विमान लगभग 17 माह तक उड़ान भरते रहे। लेकिन अगस्त 2025 में लखनऊ में निर्माण का हवाला देते हुए उड़ान बंद कर दी गई। तब से यहां से नई उड़ानें शुरू नहीं हो सकीं।