आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण) के क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण कार्य को समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि फील्ड ट्रेनरों, प्रगणकों (इन्यूमरेटर) और सुपरवाइजरों की समय से नियुक्ति सुनिश्चित कर उनकी सूची उपलब्ध कराई जाए। साथ ही ‘स्व गणना पोर्टल’ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि सामान्य निवासी स्वयं ऑनलाइन जनगणना पत्रावली भर सकें। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 तक जनपद की अनुमानित जनसंख्या लगभग 60 लाख 50 हजार आंकी गई है।
उन्होंने कहा कि गणना कार्य को सुगम बनाने के लिए प्रत्येक ग्राम में एक मजरे को एक ब्लॉक के रूप में चिन्हित किया जाए। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शासनादेश का अक्षरशः पालन करते हुए जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को रुचि और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनगणना में लगाए जाने वाले सभी कार्मिकों को तकनीकी रूप से दक्ष और प्रशिक्षित होना अनिवार्य बताया गया।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी आरडी यादव ने बताया कि 24 से 27 फरवरी 2026 तक प्रदेश स्तर पर मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण होगा। इसके बाद मार्च 2026 में जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। तत्पश्चात 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य संपन्न कराया जाएगा। बैठक में संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
