आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में युवा तरंग कार्यक्रम का शुभारंभ दीक्षांत समारोह मैदान में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता, विशिष्ट अतिथि के रूप में मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वाई. विमला तथा कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के निदेशक प्रो. राजीव उपाध्याय मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने की।
विश्वविद्यालय की मीडिया प्रभारी के अनुसार परिसर में युवा तरंग को लेकर उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती वंदना और कुलगीत से हुई। इसके बाद हुनर संस्था द्वारा “होली खेलत है नंदलाल” पर नृत्य तथा हरिहरपुर घराने के कलाकारों द्वारा “खेलत मसाने में होली दिगम्बर” की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय हो गया।
संयोजिका प्रो. वंदना पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। प्रो. वाई. विमला ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की ऊर्जा बताते हुए कहा कि देश को विश्वगुरु बनाने में नवयुवकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रो. राजीव उपाध्याय ने शिक्षा व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवाचार और स्टार्टअप की भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास पठन-पाठन के साथ सांस्कृतिक व सामाजिक गतिविधियों से संभव है। अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने तीन शैक्षणिक समझौतों की घोषणा की, जिससे संस्थानों के बीच शैक्षिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. वैशाली एवं डॉ. निधि ने संयुक्त रूप से किया तथा कुलसचिव ने धन्यवाद ज्ञापित कर प्रथम सत्र के समापन की घोषणा की।
