आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के हरैया में 35 वर्षीय विवाहिता रानू देवी का शव घर में फंदे से लटकता मिला। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पति इसे आत्महत्या बता रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
हरैया निवासी रानू देवी (35) पत्नी बृजेश कुमार का शव बृहस्पतिवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग पहुंच गए। मृतका के भाई विशाल कुमार, निवासी रोहुआं मुस्तफाबाद, थाना गंभीरपुर, ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बहन का शव घर के बाहर अंधेरे में रखा गया था और गले पर फंदे का निशान था। परिजनों ने बताया कि ससुराल वालों ने पहले कहा कि रानू खाना खाकर सो रही थी, बाद में बताया कि उसने पंखे से साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। भाई का आरोप है कि दरवाजा तोड़ने की बात कही गई, जबकि मौके पर दरवाजा टूटा नहीं मिला।
वहीं पति बृजेश कुमार का कहना है कि रानू पिछले चार वर्षों से सोशल मीडिया पर रील बनाती थीं। घटना के समय वह दुकान पर थे। लौटने पर पत्नी का शव पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल मायके पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।
