आजमगढ़। दीवानी न्यायालय परिसर में बम से ब्लास्ट की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन ने कैंपस को खाली कराकर चारों तरफ घेराबंदी करते हुए सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को आजमगढ़ की दीवानी न्यायालय कचहरी में बम से विस्फोट किए जाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही जिले के एसएसपी डॉ. अनिल कुमार सहित पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को तत्काल खाली कराया गया और मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों व फरियादियों को सुरक्षित स्थान पर बाहर निकाल दिया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय के सभी प्रवेश और निकास द्वारों को बंद कर दिया गया है तथा किसी भी व्यक्ति के अंदर जाने पर रोक लगा दी गई है। परिसर के चारों तरफ पुलिस बल की तैनाती करते हुए घेराबंदी कर दी गई। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम ने एक-एक कोने की गहन जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों द्वारा आसपास के क्षेत्र में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
बम की सूचना से पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और तलाशी अभियान जारी है।
