आजमगढ़ । जिले में पोस्टमार्टम प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और साक्ष्य आधारित बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। कोतवाली क्षेत्र के बलरामपुर पुलिस चौकी में नवनिर्मित पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी सेल का उद्घाटन किया गया। इस व्यवस्था से संवेदनशील मामलों में जांच प्रक्रिया और मजबूत होगी।
सोमवार को पोस्टमार्टम प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी सेल की शुरुआत की गई। थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत पुलिस चौकी बलरामपुर में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मुधवन कुमार सिंह ने विधिवत फीता काटकर सेल का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली यादवेन्द्र पाण्डेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि अब सभी पोस्टमार्टम प्रक्रियाओं की पूर्ण वीडियोग्राफी की जाएगी और उसे डिजिटल रूप में सुरक्षित संरक्षित रखा जाएगा।
विशेष रूप से दहेज मृत्यु, पुलिस अभिरक्षा में मृत्यु तथा अन्य संदिग्ध और संवेदनशील मामलों में यह व्यवस्था साक्ष्यों की विश्वसनीयता को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। वीडियो रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने और आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय अथवा संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इससे जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और किसी भी प्रकार के विवाद या संदेह की संभावना कम होगी।
यह पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी सेल अत्याधुनिक कंप्यूटर सिस्टम एवं आधुनिक डिजिटल उपकरणों से सुसज्जित है। उपयोग में लाए जा रहे उपकरणों में लैपटॉप, हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, हाई-डेफिनेशन (HD) कैमरा, ट्राइपॉड स्टैंड एवं अन्य आवश्यक सहायक उपकरण शामिल हैं। इन उपकरणों के माध्यम से रिकॉर्ड का सुरक्षित एवं व्यवस्थित डिजिटल संधारण किया जाएगा।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) ने सेल में तैनात पुलिस कर्मियों को तकनीकी दक्षता, सतर्कता और साक्ष्यों की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
