आजमगढ़ । उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष (उपमंत्री स्तर प्राप्त) श्रीमती चारू चौधरी ने जिला महिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों और विभागों का जायजा लेकर मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी ने जिला महिला अस्पताल पहुंचकर ओपीडी कक्ष, गायनोकोलॉजी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, जनरल वार्ड, सर्जिकल वार्ड तथा पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनरल और सर्जिकल वार्ड में भर्ती महिलाओं से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, खान-पान, दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों को सभी दवाएं अस्पताल परिसर से ही उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी प्रकार की दवा बाहर से न लिखी जाए।
उपाध्यक्ष ने यह भी निर्देशित किया कि सभी आवश्यक ब्लड जांच, अल्ट्रासाउंड सहित अन्य जांचें अस्पताल में ही सुनिश्चित कराई जाएं, ताकि मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने सीएमएस को समस्त चिकित्सकों के साथ बैठक कर शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क दवाएं और इलाज उपलब्ध हो। अस्पताल परिसर में स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए, जिनमें यह अंकित हो कि सभी प्रकार की दवाएं और जांच अस्पताल में मुफ्त उपलब्ध हैं।
इस दौरान उन्होंने चिकित्सक उपस्थिति पंजिका, फीडबैक रजिस्टर और ओपीडी रजिस्टर का भी अवलोकन किया। साथ ही महिलाओं के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अस्पताल में जन्म लेने वाले बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने की भी बात कही गई।
निरीक्षण के अंत में अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। हालांकि कुछ छोटी कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सीएमएस विनय कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
