आज़मगढ़। जिले  के तरवां थाना क्षेत्र में गेहूं के खेत में पानी बहाने को लेकर हुए विवाद में जान से मारने की नीयत से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विपक्षियों ने घर में घुसकर मारपीट की, जिसमें एक युवक बेहोश हो गया और अन्य परिजन घायल हो गए।
थाना तरवां क्षेत्र के ग्राम तितिरा (कुडियारी) निवासी नगीना यादव पुत्र स्वर्गीय बसगीत यादव ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गुरुवार को गेहूं के खेत में पानी बहाने के विवाद को लेकर गांव के ही रामदुलार, सत्यदेव, राजदेव, उमेश और पुष्पा ने गाली-गलौज की। इसके बाद सभी गोलबंद होकर लाठी और धारदार हथियार लेकर जान से मारने की नीयत से दौड़ा लिया और हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर घर में घुस गए और मारपीट की, जिससे वादी का पुत्र प्रदीप बेहोश हो गया तथा अन्य परिजनों को भी चोटें आईं। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में थाना तरवां पर  मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी रामदुलार यादव पुत्र जीता यादव  निवासी ग्राम तितिरा (कुडियारी) को उचहुवा बाजार के तितिरा मोड़ से  गिरफ्तार कर लिया।