आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के उम्मा के पूरा गांव में जमीन विवाद को लेकर तनाव बढ़ गया, जब विवादित गाटा पर बोए गए गन्ने की कटाई को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस से एक पक्ष की महिलाओं की नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने हालात संभालते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा उम्मा के पूरा गांव में रामसकल यादव और बुझावन यादव के बीच कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। यह मामला चकबंदी जहानागंज में विचाराधीन है। विवाद बढ़ने पर प्रकरण एसडीएम चंद्रप्रकाश सिंह के समक्ष पहुंचा, जिन्होंने हल्का लेखपाल से रिपोर्ट तलब की। रिपोर्ट के आधार पर रामसकल यादव के पक्ष में आदेश जारी करते हुए एसएचओ निजामाबाद, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को कब्जे की भूमिधरी पर अवैध कब्जा रोकने के निर्देश दिए गए थे।शुक्रवार की सुबह विवादित गाटा पर बोए गए गन्ने की कटाई को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो बढ़ते-बढ़ते तनाव में बदल गई। सूचना मिलते ही फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान विपक्षी पक्ष की महिलाएं महिला पुलिसकर्मियों से उलझ गईं और खींचतान की स्थिति बन गई।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि दो पक्षो में बैनामे की भूमि को लेकर विवाद हुआ । सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुची। उन्होंने दावा है कि पुलिस से झड़प नहीं हुई है। पुलिस ने मौके से दो लोगो को गिरफ्तार किया है और शांति व्यवस्था कायम है।
