आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 197 पर शनिवार की तडक़े भीषण सड़क हादसा हो गया। निजामपुर गांव के समीप ट्रक के पीछे से कार टकराने से एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक और घायल सुल्तानपुर जिले के निवासी बताए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जिले से शुक्रवार की शाम बारात गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज गई थी। शनिवार की भोर करीब साढ़े तीन बजे कुछ बाराती स्विफ्ट डिजायर कार से बड़हलगंज से वापस सुल्तानपुर लौट रहे थे। कार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 197 पर अहरौला थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव के समीप पहुंची थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
हादसे में कार की अगली सीट पर बैठे 25 वर्षीय रजत कुमार मिश्रा पुत्र घनश्याम मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार चालक 30 वर्षीय विकास शुक्ला, पीछे की सीट पर बैठे 23 वर्षीय अमित कुमार मिश्रा तथा 22 वर्षीय प्रियांशु सिंह पुत्र रण विजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक रजत कुमार मिश्रा और घायल अमित कुमार मिश्रा सगे भाई बताए गए हैं।
सभी मृतक व घायल सुल्तानपुर जिले के थाना मोतीगंज क्षेत्र के पहाड़पुर सराय भीखन गांव के निवासी हैं। सूचना मिलते ही एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची यूपीडा गश्ती टीम ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
