आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दहेज प्रताड़ना से तंग आकर महिला द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के मामले में की गई है।
थाना कप्तानगंज क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न के प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। बताया गया कि दिन 22 दिसंबर 2025 को वादी जुगुना देवी पत्नी अमरजीत विश्वकर्मा निवासी ग्राम इटौरी खालिसपुर, थाना अतरौलिया, जनपद आजमगढ़ ने थाने पर प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री अंजू देवी के पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में फ्रिज, कूलर और एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर पीड़िता को प्रताड़ित किया जाता था, मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों से यह तथ्य प्रकाश में आया कि लगातार दहेज प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर पीड़िता ने दो दिसंबर 2025 को आत्मघाती कदम उठा लिया।
शनिवार को थानाध्यक्ष जय प्रकाश मय हमराह कांस्टेबल बृजेश गौड़ एवं कांस्टेबल अप्पू प्रसाद के साथ विवेचना में लगे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त कोयलसा-देउरपुर मार्ग स्थित जफरामऊ बगीचे के पास खड़े हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
