आजमगढ़ । जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने शुक्रवार को ब्लॉक मार्टिनगंज के ग्राम चकचोर्रा स्थित गौशाला का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, गोवंश के रख-रखाव और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने गौशाला पहुंचकर वहां की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को परिसर स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गोवंश के खाने-पीने, उपचार एवं देखभाल की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने गोवंश रजिस्टर की भी जांच की और निर्देशित किया कि गौशाला में आने वाले प्रत्येक गोवंश का अंकन रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बाहर से आने वाले निराश्रित गोवंश की ईयर टैगिंग हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से गोवंश के लिए बोए गए हरे चारे के संबंध में जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में उन्होंने गौशाला में मौजूद गोवंश को केला व गुड़ खिलाकर उनकी देखभाल के प्रति संवेदनशीलता भी प्रदर्शित की।
