आजमगढ़। जिले के पल्हना क्षेत्र स्थित मां शारदा देवी इंटर कॉलेज सिंहपुर सरैया में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा के दौरान इंटरमीडिएट संस्कृत का प्रश्नपत्र निर्धारित तिथि से करीब बीस दिन पहले खोल दिया गया। मामले में तीन जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें परीक्षा केंद्र से हटा दिया गया है।
आजमगढ़ जनपद के पल्हना क्षेत्र स्थित मां शारदा देवी इंटर कॉलेज सिंहपुर सरैया में शुक्रवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान केंद्र व्यवस्थापक निवास यादव, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक रविंद्र कुमार मिश्रा और स्टेटिक मजिस्ट्रेट चंद्रभूषण मिश्र की मौजूदगी में इंटरमीडिएट संस्कृत विषय का प्रश्नपत्र खोल दिया गया, जबकि यह परीक्षा 12 मार्च को द्वितीय पाली में प्रस्तावित है।
बताया जा रहा है कि प्रश्नपत्र खोलने के बाद केंद्र व्यवस्थापक द्वारा परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति दर्शाते हुए जिला मुख्यालय स्थित जीजीआईसी में बने कोठार को रिपोर्ट भी भेज दी गई। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
सूचना पर यूपी बोर्ड के वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय के सचिव डॉ. विनोद राय, संयुक्त शिक्षा निदेशक नवल किशोर और प्रभारी डीआईओएस मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच के बाद क्षेत्रीय सचिव के निर्देश पर प्रभारी डीआईओएस मनोज कुमार ने तरवां थाने में तीनों जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
लापरवाही के इस गंभीर मामले में तत्काल प्रभाव से केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को हटा दिया गया। उनकी जगह ग्राम समाज इंटर कॉलेज जयनगर के सहायक अध्यापक सत्यप्रकाश सिंह को नया केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है। जनता इंटर कॉलेज मेहनाजपुर के सहायक अध्यापक शैलेंद्र कुमार सिंह को बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं चंद्रभूषण शर्मा की जगह लघु सिंचाई विभाग पल्हना के अवर अभियंता प्रवीण सिंह कुशवाहा को नया स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
