आजमगढ़। यूपी एटीएस ने आजमगढ़ के थाना सिधारी क्षेत्र से विशाल रंजन नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने जौनपुर न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी भरी ई-मेल भेजी थी। अभियुक्त ने अपने अपराध में पहचान छुपाने के लिए पेड वीपीएन, प्रॉक्सी ई-मेल और अलग-अलग लोगों के मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया।
मिली जानकारी के अनुसार, विशाल रंजन पुत्र हीरालाल, निवासी ग्राम बक्शपुर थाना निजामाबाद, आजमगढ़ ने 17 फरवरी, 2026 को जिला न्यायाधीश महोदय की सरकारी ई-मेल आईडी पर कुल पांच अलग-अलग ई-मेल आईडी से धमकी भरी मेल भेजी। इन मेल में जौनपुर न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी और कुछ मोबाइल नंबर अंकित कर उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से एक लाख रुपए भेजवाने की मांग की गई थी।
उत्तर प्रदेश एटीएस ने गहन जांच के दौरान विशाल रंजन के किराए के कमरे से 5 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 2 मेमोरी कार्ड, 4 सिम कार्ड और 21,092 रुपये नगद बरामद किए। जांच में पाया गया कि अभियुक्त ने लगभग 50 ई-मेल आईडी और 20 फेसबुक आईडी का प्रयोग कर सोशल मीडिया से अश्लील कंटेंट भी तैयार किया था।
ATS की पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसकी प्रेमिका की शादी जौनपुर के एक व्यक्ति से तय हो गई थी। पहले दोनों पक्षों में पंचायत हुई थी, लेकिन बदले की भावना से उसने पंचायत में शामिल लोगों और प्रेमिका के मंगेतर के नाम से फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर धमकी दी। यदि गिरफ्तारी नहीं होती तो अभियुक्त परिवहन निगम को भी धमकी भेजने वाला था।
