आज़मगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरडीहा उर्फ गड़ेरूआ में सोमवार को तड़के आवारा कुत्तों के झुंड ने भेड़ों पर हमला कर दिया। इस घटना में 50 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक भेड़ें गंभीर रूप से घायल हैं। पालक को लाखों रुपये की क्षति हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अतरडीहा निवासी महातम पाल पुत्र राम लखन भेड़ पालन का व्यवसाय करते हैं। वह अपनी भेड़ों के झुंड को चराने के बाद ग्राम बरडीहा उर्फ गड़ेरूआ स्थित एक हाते में ठहराए हुए थे। सोमवार की भोर में आधा दर्जन से अधिक आवारा कुत्तों ने एक साथ भेड़ों पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से भेड़ों में अफरा-तफरी मच गई और वे इधर-उधर भागने लगीं। कुत्तों के झुंड ने कई भेड़ों को नोच डाला। जब तक पालक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, तब तक 50 भेड़ों की मौत हो चुकी थी। वहीं करीब एक दर्जन भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पीड़ित पालक महातम पाल ने बताया कि घटना से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। भेड़ पालन ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है। पीड़ित पालक ने प्रशासन से उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
