आजमगढ़। जिले  के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में अपहरण कर जबरन जमीन का बैनामा कराने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पीड़ित को अगवा कर धमकी देकर जमीन कम कीमत पर अपने नाम कराने का आरोप है।

थाना कप्तानगंज क्षेत्र के ग्राम लछेहरा पोस्ट मेहमौनी निवासी विष्णु यादव पुत्र स्वर्गीय रामकेवल यादव ने बीते 8 फरवरी  को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि  19 जनवरी की सुबह  जब वह घर से मेहमौनी जा रहे थे, तभी आरोपी जय प्रकाश यादव उर्फ गोलई और गुड्डू यादव ने उन्हें जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने घर ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया।

आरोप है कि आरोपियों ने उनका आधार कार्ड लेकर जान से मारने की धमकी दी और करीब 8 बिस्वा जमीन मात्र 2 लाख रुपये में जबरन बैनामा करा लिया। यह रकम उनके एसबीआई खाते में ट्रांसफर की गई और 1 लाख 50 हजार रुपये का फर्जी चेक भी दिया गया। विरोध करने पर पीड़ित व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
इस मामले में थाना कप्तानगंज पर सुसंगत धाराओं में जय प्रकाश यादव उर्फ गोलई और गुड्डू यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

मंगलवार को उपनिरीक्षक ओम प्रकाश दूबे ने मुखबिर की सूचना पर गुड्डू यादव निवासी कादीपुर हरिकेश थाना कप्तानगंज को मेहमौनी भितरी मार्ग स्थित मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। जबकि  अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

कप्तानगंज  थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गुड्डू यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, गैंग संबंधी धाराएं, आयुध अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट सहित कई मामले पहले से दर्ज हैं।