आजमगढ़। जिले अहरौला के फुलवरिया बाजार में मंगलवार को किसानों ने 136 बोरी यूरिया को कालाबाजारी के शक में पकड़ लिया। मौके पर तहसीलदार और एडीओ कोऑपरेटिव पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस ने थाने ले गई।
मिली जानकारी के अनुसार, अहरौला थाना क्षेत्र के फुलवरिया बाजार में साधन सहकारी समिति पारा मिश्रौली से लाए गए 136 बोरी यूरिया को किसान महेंद्र पाठक, बृजेश पाठक, चंद्रशेखर शुक्ला, बृजेश मौर्य प्रधान और राजेंद्र राय ने पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि यूरिया कालाबाजारी के लिए ले जाई जा रही थी। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार राजाराम और अहरौला पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर बाद बीडीओ विनीत कुमार और एडीओ कोऑपरेटिव वीर बहादुर सिंह यादव भी पहुंचे और जांच शुरू की।
ट्रैक्टर चालक ने बताया कि उन्हें यूरिया पारा मिश्रौली से बस्ती भुजबल ले जाने को कहा गया था और आगे का रास्ता वहां से बताया जाता। यह कार्य खाद समिति के सचिव सुधीर कुमार सिंह के निर्देश पर चौकीदार संतराम ने कराया था। नायब तहसीलदार ने किसानों की तहरीर लेकर एडीओ कोऑपरेटिव को गोदाम सील करने का आदेश दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित यूरिया थाने में है और चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद सचिव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
