रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र में 50 हजार रुपये का इनामिया हिस्ट्रीशीटर और शातिर गोतस्कर पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी भेज दिया है। मौके से देशी तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
बीती रात को थाना रानी की सराय की पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शातिर पशु तस्कर मोटरसाइकिल से सोनवारा से बड़ैला ताल की ओर जा रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी है।
सूचना पर पुलिस टीम ने छैला इनार तिराहे पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध सोनवारा की तरफ से आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन असंतुलित होकर गिर पड़े। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि दो अन्य आरोपी सरसों के खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश की पहचान नसीम उर्फ लम्बू पुत्र दिलशेर निवासी ग्राम कोटिला, थाना रानी की सराय के रूप में हुई।
पुलिस ने देशी तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की पूछताछ में घायल आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ आजमगढ़ और आसपास के जिलों में चोरी व पशु तस्करी की कई घटनाओं में शामिल रहा है। घटना के दिन भी वह आपराधिक इरादे से घूम रहा था और पुलिस को देखकर फायरिंग कर भागने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार नसीम के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। फरार भुटेली और वसीम की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
