आजमगढ़। जिले  के पवई थाना क्षेत्र में सिर पर बाँस की बेत से वार कर युवक को घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बांस की बेत भी बरामद कर ली गई है।
बीते सोमवार को ग्राम जल्दीपुर निवासी राजेश पुत्र रामचेत ने थाना पवई में तहरीर देकर बताया कि वह सुबह करीब 7 बजे पड़ोसी राहुल पुत्र किसोरी लाल की माता का पेंशन संबंधी कागजात लेने उनके घर गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर राहुल ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब राजेश का पुत्र प्रिन्स बीच-बचाव करने पहुंचा तो राहुल ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की नियत से बाँस की बेत से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। तहरीर के आधार पर थाना पवई में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
बुधवार  को उपनिरीक्षक शिवकुमार यादव मय हमराह कांस्टेबल अमित पाल ने मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त राहुल निवासी ग्राम गद्दोपुर पोस्ट रामापुर थाना पवई को उसके घर से सुबह करीब दस बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद बाँस का बेत भी बरामद किया है।