आजमगढ़। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की मौत का सिलसिला जारी है। मुबारकपुर, पवई, कंधरापुर और जीयनपुर क्षेत्रों में हुई चार अलग-अलग दुर्घटनाओं में एंबुलेंसकर्म, छात्र सहित चार लोंगो की मौत है गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर थाना क्षेत्र के कुकुड़ीपुर के पास निजी एंबुलेंस गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। हादसे में गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कोड़हरा गांव निवासी 26 वर्षीय सूरज यादव की मौत हो गई। उनके साथी अमन प्रजापति गंभीर रूप से घायल हुए, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। दोनों एंबुलेंस लेकर मरीज को मुबारकपुर से शहर ला रहे थे।
इसी क्रम में पवई थाना क्षेत्र के भरचकिया गांव में दोपहर को बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराई। इसमें कछरा गांव के 20 वर्षीय 12वीं के छात्र शोभित तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बैठे 21 वर्षीय गुलाब राजभर गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें पवई सीएचसी में भर्ती कराया गया और फिर रेफर किया गया।
वहीं कंधरापुर थाना क्षेत्र के मोतीगंज के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से 40 वर्षीय राजकुमार राम की साइकिल सहित पुल से गिरकर मौत हो गई। वे बर्जी गांव के निवासी और मजदूरी कर भरण पोषण करते थे। उनकी पत्नी और चार बच्चे हैं।
चौथी दुर्घटना की जानकारी मिली जीयनपुर से जंहा कोतवाली क्षेत्र के मालटारी बाजार में बाइक की टक्कर से 40 वर्षीय सुशील कुमार गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें बिलरियागंज सीएचसी और फिर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
