रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। नगर के पुरानी जेल तिराहे के समीप कांशीराम आवास की महिलाएं दो दिनों से बिजली कटने के विरोध में बुधवार को सड़क पर उतर आईं और नगर पालिका-चौक मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया था।  अब इस मामले में पुलिस ने देर रात पांच नामजद समेत 50 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली के उप निरीक्षक सूर्यपाल ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि बुधवार को पुरानी जेल तिराहे पर करीब 50 महिलाओं और पुरुषों ने सड़क जाम कर दिया। सड़क पर खड़े और बैठे लोगों के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्कूल वाहन, एंबुलेंस और अन्य गाड़ियां जाम में फंस गईं, जिससे स्कूली बच्चे और मरीज अपनी-अपनी गाड़ियों में बैठे-बैठे परेशान होते रहे।
सूचना पर चौकी प्रभारी एलवल, चौकी प्रभारी रोडवेज और कोबरा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वहां अफरा-तफरी का माहौल था और लोग गली-कूंचों से निकलने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने जाम लगाने वालों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ लोगों ने पुलिस से धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा डाली।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने बिजली-पानी की समस्या के समाधान का आश्वासन देकर जाम हटवाया। मौके पर पुलिस द्वारा फोटो और वीडियोग्राफी भी कराई गई है।

उप निरीक्षक की तहरीर पर शहर कोतवाली में कांशीराम आवास की केसरी देवी, सोनी, सावित्री, दयाराम और सभासद सत्येंद्र सहित 50 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि कांशीराम आवास की महिलाओं का आरोप है कि लाखों रुपये का बिजली बिल भेजे जाने के बाद उनकी बिजली काट दी गई, जिससे दो दिनों तक लोग पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान रहे। इसी के विरोध में सभासद के नेतृत्व में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था।