आज़मगढ़। जिले के मार्टिनगंज ब्लॉक परिसर में शनिवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधि-विधान से उपस्थित सभी जोड़ों का विवाह कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे और नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।
योजना के तहत सैकड़ों जोड़ों ने एक साथ सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।
इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 190 जोड़ों ने अपना पंजीकरण कराया था, जिसमें से 178 जोड़े उपस्थित रहे, जिनका सामूहिक विवाह कराया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें विवाहोपरांत कन्या के खाते में 60 हजार रुपये आरटीजीएस के माध्यम से भेजे जाते हैं।
इस सामूहिक विवाह में प्रति जोड़े को 25 हजार रुपये का 26 प्रकार का सामान दिया गया, जिसमें 5 साड़ी का सेट, चुनरी, दूल्हे के लिए पैंट-शर्ट का कपड़ा, गमछा, दीवार घड़ी, प्रेशर कुकर, कढ़ाई, 8 किलो स्टेनलेस स्टील का डिनर सेट, ट्रॉली बैग, सीलिंग फैन, प्रेस, दो गद्दे, डबल बेड की चादर, 40 ग्राम चांदी की जोड़ी पायल, 10 ग्राम बिछिया समेत अन्य सामान शामिल हैं।
वहीं इस कार्यक्रम के आयोजन के दौरान प्रति जोड़े पर लगभग 15 हजार रुपये खाने-पीने, टेंट एवं अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं। सामूहिक विवाह में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी जोड़ों का वैवाहिक संस्कार संपन्न कराया गया।
उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह में 190 जोड़ों का विवाह होना था, जिसमें 178 जोड़े उपस्थित हुए और उनका विवाह संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं सभी नवदंपतियों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
