आजमगढ़ में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए बरदह थाना पुलिस ने सराहनीय काम किया है। इसी उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने चार पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया है।

जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे रात्रि चेकिंग अभियान के दौरान थाना बरदह पुलिस को बड़ी सफलता मिली। दिनांक 17/18 मार्च  की रात गोड़हरा बाजार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक बाइक पर सवार चार संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली, जिनके पास से चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना मेंहनगर, देवगांव समेत अन्य जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
इस सराहनीय कार्य के लिए आज पुलिस कार्यालय आजमगढ़ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना प्रभारी बरदह समेत चार पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी और क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल भी मौजूद रहे।
सम्मानित होने वालों में थानाध्यक्ष बरदह राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अंबुज राय, मुख्य आरक्षी संतोष शाह और आरक्षी सूरज पाल शामिल रहे।