आजमगढ़। बोर्ड परीक्षा में साल्वर गैंग के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में हाईस्कूल/इंटर परीक्षा में दूसरे के स्थान पर बैठकर परीक्षा देने वाली वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार किया गया है।
वर्ष 2025 में माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 6 मार्च 2025 को पंडित कामता प्रसाद इंटर कॉलेज मुडहर ठेकमा में STF और गम्भीरपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की थी। जांच में सामने आया कि असली परीक्षार्थियों की जगह साल्वर आधार कार्ड में फोटो टैम्परिंग कर परीक्षा दे रहे थे।
इस पूरे मामले में विद्यालय के प्रबंधक विजय तिवारी और प्रधानाचार्य बबिता तिवारी पर आरोप लगा कि वे परीक्षार्थियों से अवैध धन लेकर इस फर्जीवाड़े को संचालित कर रहे थे। छापेमारी के दौरान कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि कुछ आरोपी फरार हो गए थे।
विवेचना के दौरान रश्मी बिंद पुत्री रामफेर बिंद निवासी संदहा, थाना मेहनगर का नाम प्रकाश में आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित आरोपियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में 4 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्ता ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए माफी मांगी है और न्यायालय में अपना पक्ष रखने की बात कही है। पुलिस के अनुसार अभियुक्ता का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं है। फिलहाल उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
