रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कलंदरपुर गांव में आबादी की भूमि को लेकर चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर मारपीट, टिनशेड, मंडई और बाउंड्री तोड़ने के साथ मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

पीड़ित सुरेश मौर्य पुत्र स्व. रामप्यारे मौर्य ने गंभीरपुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी आबादी की पुरानी भूमि आराजी संख्या-312 बंदोबस्त एवं हस्तलिखित खतौनी में दर्ज है। उन्होंने बताया कि कंप्यूटर खतौनी में हुई त्रुटि के संशोधन का मामला उपजिलाधिकारी मेहनगर की अदालत में विचाराधीन है।

आरोप है कि पड़ोसी पक्ष विवादित भूमि पर कब्जा करने की नीयत से 24 जून 2026 की सुबह करीब 4 बजे उनके दरवाजे पर पहुंचा और पशुओं की नाद व खूंटा उखाड़ने लगा। विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया तथा टिनशेड, मंडई और बाउंड्री भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ित के अनुसार, घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद का वीडियो बुधवार दोपहर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर तोड़फोड़ के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पीड़ित ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।