रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और चिकित्सकों व कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित कराने को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवगांव और 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी देवगांव में दो चिकित्सक और एक कनिष्ठ सहायक बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने तीनों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए उनका वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए।

 

 

सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवगांव पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की संख्या और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण में केंद्र की सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं देते पाए गए।

 

 

उपस्थिति पंजिका की जांच में खुली पोल

सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका और ड्यूटी रोस्टर की गहन जांच की। इस दौरान कनिष्ठ सहायक विवेकानंद तिवारी, मेडिकल ऑफिसर डॉ. फणीस और मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजेश कुमार बिना किसी पूर्व सूचना या सक्षम स्तर से स्वीकृत अवकाश के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने तीनों से स्पष्टीकरण मांगने और उनका वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित चिकित्सकों और कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

 

 

लालगंज अस्पताल में बढ़ेगा पंजीकरण काउंटर

इसके बाद सीएमओ ने 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए मौजूद मिले। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। अस्पताल में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता के साथ परिसर, ओपीडी और अन्य क्षेत्रों की साफ-सफाई व्यवस्था भी बेहतर मिली। मरीजों की संख्या के मुकाबले पंजीकरण काउंटर कम होने से हो रही परेशानी का सीएमओ ने संज्ञान लिया। उन्होंने तत्काल एक अतिरिक्त पंजीकरण काउंटर संचालित करने के निर्देश दिए। कहा कि मरीजों को पंजीकरण और उपचार के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े तथा पूरी प्रक्रिया को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाया जाए।