
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर दर्ज कराई गई एफआईआर में पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि बेटी की शादी में लाखों रुपये खर्च करने और नकदी सहित घरेलू सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा। मांग पूरी न होने पर बेटी के साथ मारपीट, मानसिक उत्पीड़न तथा उसे मायके न भेजने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
एफआईआर के अनुसार, पीड़ित पिता ने अपनी पुत्री का विवाह 5 मई 2026 को जहानागंज थाना क्षेत्र के एक युवक से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराया था। आरोप है कि विवाह से पहले ही चार पहिया वाहन की मांग की गई थी, जिसे आर्थिक स्थिति का हवाला देकर पूरा नहीं किया जा सका। इसके बाद विवाह के समय लगभग पांच लाख रुपये नकद तथा फर्नीचर, फ्रिज, कूलर, डबल बेड, अलमारी, वाशिंग मशीन, सोफा सेट और अन्य घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवाह के बाद ससुराल पक्ष ने पुनः कार और दस लाख रुपये नकद की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता को प्रताड़ित किया गया और उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि बेटी को मायके भेजने से भी इनकार कर दिया गया तथा विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई।
एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब शिकायतकर्ता अपनी पुत्री को विदा कराने ससुराल पहुंचा तो वहां मौजूद लोगों ने अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और बेटी को भेजने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पहले अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी करने की शर्त रखी, तभी विदाई की बात कही।
पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को देने के साथ न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर जहानागंज थाने में पति, सास-ससुर सहित ससुराल पक्ष के कई नामजद लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने की प्रक्रिया शुरू हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में दर्ज आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
