
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। कमिश्नर की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन लौट रहे उत्तर प्रदेश पुलिस के आरक्षी बलवंत सिंह यादव की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। गुरुवार को पुलिस लाइन, आजमगढ़ में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस विभाग के अनुसार, 15 जुलाई 2026 की रात करीब 11:00 बजे थाना सिधारी क्षेत्र के बेलईशा पुल के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर एक अनुबंधित बस (संख्या UP 50 DT 7577) ने आरक्षी बलवंत सिंह यादव को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह कमिश्नर, आजमगढ़ की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन वापस लौट रहे थे।
दिवंगत आरक्षी बलवंत सिंह यादव पुत्र मोती सिंह यादव जनपद चंदौली के थाना धीना क्षेत्र के ग्राम करजरा, पोस्ट एवती के निवासी थे। उनका जन्म 7 मार्च 1997 को हुआ था। उन्होंने 17 दिसंबर 2022 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर सेवा शुरू की थी और वर्तमान में कमिश्नर, आजमगढ़ की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कराई और परिजनों को सूचना दी। पुलिस विभाग ने इस असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
16 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन, आजमगढ़ में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में दिवंगत आरक्षी को पूरे राजकीय सम्मान एवं गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभी अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उन्हें संबल प्रदान करने की कामना की। उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित जवान को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
