रिपोर्ट______अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के बांकीपुर सोनहरिया गांव का 24 वर्षीय युवक पिछले 15 दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई है और बेटे की तलाश में आम लोगों से मदद की अपील की है। सूचना देने वाले को 20 हजार रुपये इनाम देने की भी घोषणा की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, बांकीपुर सोनहरिया गांव निवासी उमाकांत चौधरी का पुत्र रमन चौधरी (24) चार जुलाई को शाम करीब चार बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने तीन दिन बाद कंधरापुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं परिजनों का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार के अनुसार, युवक का मोबाइल फोन उसी दिन घर से कुछ दूरी पर जाकर स्विच ऑफ हो गया था। इसके बाद न तो किसी का फोन आया और न ही किसी प्रकार की फिरौती की मांग की गई। परिवार का यह भी कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, जिससे किसी विवाद की आशंका जताई जा सके। रमन चौधरी के पिता उमाकांत चौधरी ने लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को उनके बेटे के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल 7506129710 या पुलिस के मोबाइल नंबर 9454402912 पर सूचना दें। उन्होंने सही सूचना देने वाले व्यक्ति को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।परिवार की आंखें पिछले 15 दिनों से बेटे की राह देख रही हैं। परिजनों ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि एक छोटी-सी सूचना भी रमन को उसके परिवार तक पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती है।